Wednesday, October 21st, 2026

हरियाणा में शादी के कार्डों पर किसान आंदोलन का समर्थन, 'किसान नहीं तो भोजन नहीं'

 
नई दिल्ली

हरियाणा में कुछ किसानों ने केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन का समर्थन करने के लिए एक नया तरीका खोज निकाला है। आंदोलन के समर्थन में शादी के कार्ड पर 'नो फार्मर नो फूड' जैसे नारे और किसान नेता सर छोटू राम की तस्वीर छपवा रहे हैं। कैथल में एक प्रिंटिंग प्रेस के मालिक ने बताया कि, स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह की तस्वीरें भी शादी के निमंत्रण कार्डों पर छप रही हैं।
 
प्रिंटिंग प्रेस के मालिक ने बताया कि, बहुत से किसान परिवार और अन्य लोग शादी के निमंत्रण पत्र पर 'किसान नहीं तो अन्न नहीं जैसे नारे छापने और सर छोटू राम तथा भगत सिंह के चित्र लगाने का अनुरोध कर रहे हैं। सर छोटू राम का जन्म 24 नवंबर 1881 को हुआ था और उन्हें किसानों का मसीहा माना जाता है। ब्रिटिश शासनकाल में किसानों को सशक्त करने में उनकी अहम भूमिका थी।
 
प्रिंटिंग प्रेस वालों का कहना है कि शादी के हर दूसरे कार्ड पर किसानों के समर्थन में स्लोगन छपवाए जा रहे हैं। इनमें किसान के साथ नौकरीपेशा लोग भी शामिल हैं। ढूंढरेहड़ी गांव के किसान प्रेम सिंह गोयत उन लोगों में से एक हैं जिन्होंने अपने बेटे की शादी के निमंत्रण पत्र पर किसानों के समर्थन में नारा छपवाया है। इन कानूनों के विरुद्ध हजारों किसान प्रदर्शन कर रहे हैं और हम उनके समर्थन में खड़े हैं। मेरे बेटे की 20 फरवरी को शादी होने वाली है और मुझे लगा कि क्यों न हम निमंत्रण पत्र पर सर छोटू राम और शहीद भगत सिंह के चित्र छपवाएं।

 

Source : Agency

पाठको की राय